Sunday, April 26, 2020

अमिताभ बच्चन ने शेयर किया वीडियो, बोले, 'आज हाथ धोना सर्वोपरि है, लेकिन विनती है कि हमें इंसानियत से हाथ नहीं धोना है' April 26, 2020 at 08:39PM

महानायक अमिताभ बच्चन ने रविवार रात अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसके जरिए उन्होंने लॉकडाउन के दौरान सेवाएं दे रहे लोगों और हमारे आसपास सभी तरह का काम करने वाले लोगों के प्रति आभार जताया। इन लोगों को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि इन दिनों हाथ धोना और सामाजिक दूरी सर्वोपरि है, लेकिन मैं आपसे अपने हाथ जोड़कर विनती कर रहा हूं कि हमें इंसानियत से हाथ नहीं धोना चाहिए।

वीडियो को शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, 'इंसानियत- एक कदम इंसानियत की ओर'। इस वीडियो को हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में तैयार किया गया है और दोनों वीडियो अमिताभ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किए। हालांकि इसमें सिर्फ उनकी आवाज का इस्तेमाल किया गया है।

इन लोगों ने वीडियो में सहयोग दिया

इस वीडियो को 'हेक्टिक सिनेमा प्राइवेट लिमिटेड' ने तैयार किया है। इसमें आवाज अमिताभ बच्चन ने दी है, वहीं संगीत रोहन-विनायक का है। इसकी कल्पना शाद अली सहगल की है। वहीं इसकी क्रिएटिव टीम के सदस्य सिवा अनंत, आरती पाटकर और रोहन खंभाती हैं।

अमिताभ ने वीडियो में बोली ये पंक्तियां

''अपनी मां की कोख से पैदा होते ही मुझे एक डॉक्टर ने अपनी सरपरस्त हथेलियों में संभाला।
जब होश भी ना संभाला था एक नर्स ने अपने मुलायम हाथों से मुझे नहलाया।
अपनी उंगली से मेरी उंगली पकड़कर एक टीचर ने मुझे अ-आ, इ-ई, उ-ऊ लिखना सिखाया।
मेरी सलामती हमेशा उस बस के ड्राइवर के सुरक्षित हाथों में थी जो मुझे स्कूल लाता, ले जाता था।
जब मैं खाना खाता मैं निश्चिंत था, कि वो मेरे खानसामा जी के भरोसेमंद हाथों से ही बना था।
हमें हमेशा उन हाथों की जरूरत पड़ी है और अब भी पड़ेगी, उन भरोसेमंद हाथों की, उन सरपरस्त हथेलियों की, उन मार्गदर्शक उंगलियों की।
आज हाथ धोना और सामाजिक दूरी बनाए रखना सर्वोपरि है, और आज मैं आपसे अपने हाथ जोड़कर विनती कर रहा हूं कि हमें इंसानियत से हाथ नहीं धोना चाहिए।
हमें इंसानियत से हाथ नहीं धोना चाहिए, हमें अपने आसपास के लोगों के प्रति संदेहजनक नहीं होना चाहिए,
हमें अपने आसपास के लोगों से किनारा नहीं करना चाहिए, हमें अपने आसपास के लोगों को शर्मसार नहीं करना चाहिए,
हमें जानकार होना चाहिए, हमें हमदर्द होना चाहिए, हमें एक होना चाहिए, हमें इंसान होना चाहिए, हमें इंसान होना चाहिए।''



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
अमिताभ बच्चन ने इंसानियत वीडियो में अपनी आवाज दी है, इसे हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में बनाया गया है। (फोटो/वीडियो साभारः अमिताभ बच्चन के सोशल मीडिया अकाउंट से)

No comments:

Post a Comment